वाराणसी। मौसम ने अपना रुख बदल लिया है। गर्मी से लोगों की हालत खराब है। धूप ने झुलसाना शुरू कर दिया है। हालांकि, सुबह ठंड का असर रहता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही गर्म हवाएं बेहाल कर रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो तेज हवाओं से धरती की नम सतह अब सूखने लगी है। शुक्रवार सुबह भी ठंडी हवा बह रही थी। दिन चढ़ते ही पारा भी बढ़ने लगा। जिसके बाद पश्चिमी हवा के जोर से ठंड का असर खत्म हो गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, दो महीने तक तेज और गर्म हवाएं चलेंगी। वातावरण में नमी गायब होने से बादलों की सक्रियता नहीं रहेगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.4 और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ब्यूरो