सामने घाट क्षेत्र की कृष्णा नगर कॉलोनी में रहने वाली महिला को 10 फीसदी ब्याज दर पर 2.95 लाख रुपये उधार देकर सूदखोरों ने 10.54 लाख वसूले और स्कूटी भी हथिया ली। सूदखोर अब और पैसे मांग रहे हैं। महिला के बेटे को पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में संगीता शर्मा की तहरीर के आधार पर लंका थाने में सूदखोरी सहित अन्य आरोपों में हौजकटोरा बांसफाटक निवासी विशाल वर्मा और उसके भांजे शुभम प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
संगीता शर्मा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने बेटे प्रवीण शर्मा के व्यापार के लिए हौजकटोरा बांसफाटक निवासी श्रीराम प्रजापति से अप्रैल 2018 में 10 फीसदी ब्याज पर रुपये उधार लिए थे। फरवरी 2020 तक छह लाख 60 हजार रुपये वापस कर दिए। इस बीच कोरोना की वजह से व्यापार ठप हो गया। इस कारण कुछ और पैसे का भुगतान नहीं कर सकीं। सितंबर 2021 में श्रीराम प्रजापति को घर बुलाया और दो लाख रुपये दिए। एक लाख रुपये में खरीदी गई स्कूटी भी दी। श्रीराम के भांजे शुभम प्रजापति के बैंक खाते में 1.45 लाख रुपये भेजे। मार्च 2023 में श्रीराम प्रजापति की मौत हो गई। इसके बाद उनके भाई विशाल वर्मा को 45 हजार रुपये दिए। विशाल और शुभम उनके घर आए। दोनों ने उनके बेटे प्रवीण के साथ अकारण ही मारपीट की और उसे साथ ले जाने लगे। मिन्नत करने पर विशाल वर्मा ने उनके बेटे को छोड़ दिया और सौ रुपये के स्टांप पेपर पर जबरन यह लिखवाया कि आठ लाख रुपये देने हैं। पैसा न देने पर दोनों ने उन्हें और उनके दो बेटों को जान से मारने की धमकी दी। विशाल और शुभम की धमकी से वह और उनके बेटे भयभीत हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर लंका अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।