पुलिस आयुक्त ने मातहतों संग की अहम बैठक
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के प्रस्तावित दो दिवसीय काशी दौरे को लेकर कमिश्नरेट पुलिस उनकी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियों में जुट गई है। बुधवार को पुलिस आयुक्त के कैंप कार्यालय पर हुई बैठक में सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा गया। पांच और छह जून को राष्ट्रपति शहर में होंगे।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने पुलिस अधिकारियों संग बैठक में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की बेहतरी को लेकर विस्तृत चर्चा की। राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट और ठहरने वाले स्थानों की सुरक्षा चाक चौबंद हो, इसके लिए खास निर्देश दिए। एलआईयू को अलर्ट करते हुए गोपनीय सूचनाओं के संकलन का निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था में किसी भी तरह की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यह भी ध्यान रखना है कि राष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान किसी भी रूट को अधिक समय तक बाधित नहीं रखना है, एंबुलेंस को किसी भी रूट पर नहीं रोकना है।
उन्होंने डीसीपी काशी और वरुणा जोन को निर्देशित किया कि प्रस्तावित शहर भ्रमण रूटों पर किसी तरह की कोई बाधा न हो। उक्त स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों को पुख्ता करें। सुरक्षा में लगने वाली फोर्स को भी समय से पहले ब्रीफ करें। बैठक में डीसीपी मुख्यालय व अपराध अमित कुमार, डीसीपी सुरक्षा व अभिसूचना विक्रांत वीर, डीसीपी काशी आरएस गौतम, डीसीपी वरुणा आदित्य लांग्हे, एडीसीपी अभिसूचना आरती सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक डीके पुरी, एडीसीपी प्रोटोकाल विनय कुमार सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त अभिसूचना सुरेश प्रसाद त्रिपाठी, निरीक्षक अभिसूचना धीरेंद्र नारायण सिंह मौजूद रहे।