वंदे भारत ट्रेन के खाली रैक में पथराव के संबंध में बृहस्पतिवार को आरपीएफ ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मानस नगर कॉलोनी, फुलवरिया निवासी प्रताप उर्फ जिमी के रूप में हुई है। इस प्रकरण को आरपीएफ को जिमी के दो दोस्तों आदित्य उर्फ कल्लू और रवि वर्मा उर्फ बॉबी की तलाश है।
गत 31 मार्च की रात नई-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस को वाराणसी स्टेशन से लोहता स्थित न्यू वॉशिंग लाइन में प्लेसमेंट के लिए ले जाया जा रहा था। वाराणसी और लोहता के बीच न्यू सिंक लाइन के पास पथराव कर ट्रेन के छह कोच के शीशे तोड़ दिए गए थे। प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ श्रीनिवास मिश्रा ने बताया कि सब इंस्पेक्टर राकेश ने सर्विलांस और सीसी कैमरों की फुटेज के साथ ही मुखबिरों की मदद से जांच की। जांच में प्रताप उर्फ जिमी, आदित्य उर्फ कल्लू और रवि वर्मा उर्फ बॉबी आरोपी के रूप में चिह्नित हुए। प्रताप को गिरफ्तार कर अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और उसके दो दोस्तों का कोई खास उद्देश्य नहीं था। तीनों ने शरारत में ट्रेन के कोच पर पथराव किया था। अदालत में पेश किए जाने पर प्रताप उर्फ जिमी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।