अनुसूचित जाति, जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष राम नरेश पासवान ने शनिवार को सर्किट हाउस में बैठक की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अनुसूचित जाति के मामलों का शीघ्रता से निस्तारण करने का निर्देश दिया। सरकार की ओर से अनुसूचित जाति और जनजाति के उत्थान व सहायता के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। इसका लाभ पात्रों को समय से मिले इसका ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि एससी, एसटी के लंबित प्रकरणों को तेजी से निपटाया जाए। निचले स्तर पर निगरानी की जाएगी, ताकि कोई मामला दबा न रह जाए। इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि एससी, एसटी एक्ट का कोई स्वार्थी व्यक्ति दुरुपयोग न करे। प्रकरणों में सही जांच पड़ताल कर न्यायोचित कार्रवाई की जाए। कहा कि आजादी के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर शिकंजा कसा गया। अपराध के विरुद्ध इतनी बड़ी कार्रवाई हुई। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपराध मुक्त प्रदेश के लिए कृत संकल्पित नीति का परिचायक है। आमजन में सरकार के प्रति विश्वास और दृढ़ हुआ। एससी, एसटी लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निस्तारण का निर्देश दिया। बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।