वाराणसी। कैंट स्टेशन पर पीडल्यूआई स्टोर में अनियमितताओं की जांच विजिलेंस की ओर से जारी है। बृहस्पतिवार को भी विजिलेंस टीम ने जांच की। पीडब्लूआई स्टोर से मिले लॉग बुक के आधार पर काशी और व्यास नगर स्टेशन की जांच में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी मिली है। खाता बही में एक हजार से पंद्रह हजार टन की खरीदी हुई रेल पथ सामग्री की इंट्री नहीं मिली।
दिल्ली से पहुंची विजिलेंस टीम पिछले तीन दिन से जांच कर रही है। लॉग बुक और लेजर (खाता बही) के साथ ही रेल पथ के लिए खरीदे गए निर्माण सामग्रियों का मिलान किया गया।
लॉग बुक और मौके पर मिले रेल पथ सामग्रियों का मिलान में एक बात सामने आई है कि एक हजार से 15 हजार टन रेल पथ के सामग्रियों का लेजर (बहीखाता) में कहीं भी एंट्री नहीं थी। यह गड़बड़ी किसके जरिये की गई और निगरानी व्यवस्था में लगे अधिकारी क्या कर रहे थे आदि बिंदुओं पर विजिलेंस की टीम जांच कर रही है। यह माना जा रहा है कि स्क्रैप मामले में कैंट स्टेशन पर अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है।