बलिया। नगर से सटे माल्देपुर से कदम चौराहे तक 4.445 किमी लंबाई में फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय की ओर से कुल 48.95 करोड़ स्वीकृत किया गया है। एनएचएआई की ओर से इस मार्ग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को हैंडओवर कर दिया गया है।
करीब दो माह पहले राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने सांसद की पहल पर माल्देपुर से कदम चौराहा तक फोरलेन बनाने और दोनों तरफ आरसीसी ढक्कनयुक्त नाला बनाने के लिए 48.95 करोड़ की स्वीकृति दी। यह मार्ग पहले से एनएचएआई के जिम्मे है। उधर, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे निर्माण का कार्य भी एनएचएआई के जिम्मे ही है। इसे लेकर एक ओर किसानों से जमीन की रजिस्ट्री और टेंडर प्रक्रिया जारी है। ऐसे में एनएचएआई ने माल्देपुर से कदम चौराहा तक फोरलेन निर्माण की जिम्मेदारी अब लोक निर्माण विभाग को दे दी है। लोक निर्माण विभाग की ओर से ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद, पहले चरण में यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्य कराया जाएगा।
जिले में करीब 90 किमी लंबी एनएच 31 सड़क है। इसके चौड़ीकरण को लेकर समय-समय पर कयास लगाए जाते रहे हैं लेकिन स्थिति जस की तस ही रह गई। लेकिन अब नगर से गुजर रहे एनएच 31 के चौड़ीकरण का कार्य होना तय हो गया है।
यातायात होगा सुगम, मिलेगी जाम से राहत
एनएन 31 पर माल्देपुर से लेकर कदम चौराहा तक हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। टू लेन सड़क होने के कारण आए दिन जाम लगता है। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब फोरलेन सड़क बन जाने के बाद समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
आजमगढ़ एनएचएआइ, परियोजना निदेशक एसपी पाठक ने बताया कि बलिया में माल्देपुर से लेकर कदम चौराहे तक की एनएच 31 को फोरलेन बनाया जाएगा। इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। इस मार्ग का निर्माण पीडब्लूडी कराएगा। इस मार्ग को लोक निर्माण विभाग को हैंडओवर कर दिया गया है।