वाराणसी। यूपी कॉलेज में प्राचार्य को पद से हटाने के लिए लगातार तीसरे दिन भी छात्रों का धरना जारी रहा। बृहस्पतिवार को छात्राें ने काला दिवस मनाया। हाथ में काली पट्टी बांधकर धरने पर बैठे। प्राचार्य को हटाकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई और कॉलेज प्रशासन की ओर से मृतक को मुआवजा देने की मांग की। 20 मार्च को सूर्य प्रताप सिंह की गोली मार का हत्या कर दी गई थी। छात्रसंघ अध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन से वार्ता जारी है, लेकिन कॉलेज प्रशासन का एक भी सदस्य नहीं आ रहा है। मांग जब तक पूरी नहीं होगी आंदोलन जारी रहेगा। मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय की गुहार लगाई जाएगी। दूसरी ओर मृतक छात्र सूर्य प्रताप के समर्थन में बृहस्पतिवार को हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज में यूपी कॉलेज के प्राचार्य का पुतला फूंका गया। छात्र गौरव सिंह, विशाल सिंह, प्रतीक उपाध्याय बताया कि उनका संपर्क बीएचयू, विद्यापीठ, इलाहाबाद विश्वविद्यालय और लखनऊ विवि के छात्र प्रतिनिधियों से हो रहा है। प्रदेश में बड़ा आंदोलन होगा। ब्यूरो