सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने बुधवार को देर शाम अपने कार्यालय में परिवार कल्याण कार्यक्रम की समीक्षा की। पुरुष नसबंदी में तीन और महिला नसबंदी में 10 ब्लॉकों की प्रगति खराब मिलने पर मातहत अधिकारियों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा। सीएमओ ने बताया कि जिला स्तरीय समीक्षा में चालू वित्तीय वर्ष 2025–26 में परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत महिला व पुरुष नसबंदी की प्रगति कई विकास खंडों में लक्ष्य के अनुरूप संतोषजनक नहीं हो पाई है। पुरुष नसबंदी में मोहम्मदपुर, फूलपुर और तहबरपुर ब्लॉक की प्रगति बेहद खराब मिली है। महिला नसबंदी में मिर्जापुर, रानी की सराय, बिलरियागंज, मार्टिनगंज, अहरौला, कोयलसा, पवई, मेहनगर, फूलपुर व पल्हनी विकास खंडों में प्रगति कम दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि परिवार कल्याण कार्यक्रम शासन का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका सीधा संबंध जनसंख्या नियंत्रण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ा है। इस कार्यक्रम में अपेक्षित प्रगति न होना चिंता का विषय है। खराब प्रगति वाले अधिकारी तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण दें।