एम्फीथियेटर मैदान में जाणता राजा के नाटक का मंचन करते कलाकार
- फोटो : संवाद
बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान में सजे छत्रपति शिवाजी के साम्राज्य से होने वाली कमाई को कैंसर अस्पताल के मरीजों की सेवा करने वाले तीमारदारों पर खर्च की जाएगी। इसके लिए बीएचयू कैंसर अस्पताल के ठीक सामने की अपनी एक जमीन दानदाता ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को दी है। इसी जमीन पर 4.5 करोड़ रुपये की लागत से पांच मंजिला आवासीय भवन बनाया जाएगा।
वाराणसी में जाणता राजा के 21 से 26 नवंबर तक होने वाले मंचन में करीब 50 हजार से ज्यादा दर्शकों के जुटने की उम्मीद है। इस आयोजन से करीब एक करोड़ रुपये की आय का अनुमान लगाया गया है। टिकटों से होने वाले कमाई को बीएचयू कैंसर अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों के तीमारदारों के लिए आवासीय भवन पर खर्च किया जाएगा। इस भवन में करीब 500 लोगों के ठहरने की व्यवस्था होगी। यहां अलग-अलग सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। आरएसएस के अनुषांगिक संगठन सेवा भारती ने इस आवासीय भवन की पहल की है। वाराणसी देश का नौवां और उत्तर प्रदेश का दूसरा शहर है, जहां जाणता राजा नाटक के टिकट की कमाई को सामाजिक सेवा में लगाया जा रहा है। इससे पहले कानपुर में करीब 200 करोड़ रुपये के अस्पताल की परिकल्पना को धरातल पर उतारने का काम शुरू किया गया है।
देश के नौ से ज्यादा शहरों में जनसेवा का हुआ है काम
छत्रपति शिवाजी की जीवन गाथा पर आधारित जाणता राजा नाटक की कमाई से आठ शहरों में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र की सुविधा बेहतर करने के लिए परियोजनाओं को मूर्त रूप दिया गया है। महाराष्ट्र के पुणे, जलगांव, मुंबई, नासिक में स्कूल का निर्माण कराया गया है। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में अस्पताल का निर्माण पूरा कर लिया गया है। कानपुर में अस्पताल के प्रस्ताव पर काम शुरू कर दिया गया है। काशी नौवां शहर है, जहां जाणता राजा की कमाई सामाजिक कार्य में खर्च की जाएगी।
देशभर में जाणता राजा के मंचन में टिकट की कमाई को सामाजिक सेवा में लगाया जाता है। अब तक महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में हमने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम किया है। उत्तर प्रदेश के कानपुर और वाराणसी में भी सेवा भारती के साथ हम स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर बनाने में योगदान देंगे। - अजीत आप्टे, निर्देशक, जाणता राजा और अध्यक्ष जाणता राजा ट्रस्ट
बीएचयू कैंसर अस्पताल के ठीक सामने एक व्यक्ति ने अपनी जमीन सेवा भारती को दान में दी है। इसी जमीन पर कैंसर अस्पताल के मरीजों के तीमारदारों के लिए आवासीय भवन का काम जनवरी से शुरू किया जाएगा। - राहुल सिंह, अध्यक्ष, सेवा भारती, काशी प्रांत