वाराणसी। केंद्रीय कारागार चिकित्सालय के पीछे कूड़े के गड्ढे में सुलग रही आग में गिरकर झुलसे बंदी की उपचार के दौरान 21 दिन बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय फैयाज निवासी देवरिया के रूप में हुई है, जो एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल में निरुद्ध था। फैयाज जेल परिसर में चिकित्सालय के पीछे बने शौचालय में 23 अप्रैल को गया था। लौटते समय वह कूड़ा डालने के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर पड़ा। दो घंटे पहले गड्ढे में जमा पत्तियों और कूड़े को जलाया गया था, लेकिन अंदर आग सुलग रही थी। गिरने से उसकी पीठ गंभीर रूप से झुलस गई। बंदी पहरेदार पुरुषोत्तम गॉड ने फैयाज को बाहर निकाला और जेल प्रशासन को सूचना दी। जेल चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार कराने के बाद उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। संवाद