तिब्बती उच्च शिक्षा संस्थान में रिक्त चल रहे वाइस चांसलर व रजिस्ट्रार के पद पर संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार ने पदाधिकारियों को अगले आदेश तक कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है। रजिस्ट्रार के पद का अतिरिक्त कार्यभार डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. हिमांशु पांडे को सौंपा गया है। वहीं, मूल शास्त्र के प्रोफेसर वंचुक दोरजी नेगी ने वाइस चांसलर का पदभार संभाला। प्रो. दोरजनी ने कहा कि तिब्बती उच्च शिक्षा संस्थान को विशेष केंद्र बनाया जाना प्राथमिकता होगी। वहीं, संस्था में रिक्त पदों को मंत्रालय से स्वीकृति लेकर भरने का कार्य किया जाएगा। चतुर्थ ग कर्मचारियों के मानदेय को बढ़ाने को लेकर भी कदम उठाया जाएगा। प्रो. वंचुक दोरजी नेगी तिब्बती उच्च शिक्षा संस्थान से पिछले 35 सालों से जुड़े हुए हैं, यहीं से आचार्य व पीएचडी करने के बाद संस्था में कार्यरत हैं। संस्कृति मंत्रालय ने संस्था में खाली चल रहे कुलपति के पद का अतिरिक्त कार्यभार पर प्रोफेसर नेगी को अगले आदेश तक सौंपा है।