नामांकन से पहले काशी में पीएम मोदी ने किया रोड शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामांकन से पहले सोमवार की शाम बीएचयू गेट के सामने स्थित महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रोड शो की शुरुआत की। बीएचयू से बाबा काशी विश्वनाथ तक आठ किलोमीटर के रोड शो में करीब पांच लाख लोग आए। भाजपा का दावा है कि यह अब तक सबसे सफलता रोड शो रहा, जो 2:30 घंटे में पूरा हुआ। मार्ग पर जगह-जगह सर्व समाज के लोगों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
मदनपुरा में मुस्लिम महिलाओं ने हर-हर मोदी के नारे लगाते हुए पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। लंका से अस्सी तक कई मंचों से आरती और शंखनाद कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। कहीं ढोल-नगाड़े बजे तो कहीं वाद्य यंत्र अपना राग छेड़ रहे थे। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, लोकगीत हो रहे थे। बटुक, सन्यासियों ने मंत्रोच्चार के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रधानमंत्री को देखने के लिए छोटे-छोटे बच्चे बैरिकेडिंग की जाली से झांक रहे थे तो कई महिलाएं बच्चों को गोद में लेकर खड़ी थीं। रोड शो के दौरान रथ पर प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी मौजूद रहे।
'काशी विशेष है...'
प्रधानमंत्री ने रोड शो की शुरुआत से पहले एक्स पर पोस्ट किया कि काशी विशेष है...। यहां के लोगों की गर्मजोशी और स्नेह अविश्वसनीय है। इसके साथ ही उन्होंने हाथ जोड़ने का इमोजी और अपने रोड शो के प्रसारण का लाइव लिंक शेयर किया।
पूर्व दिशा की ओर घूमकर किए गंगा को नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले बीएचयू के संस्थापक महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद पूर्व दिशा की ओर घूमकर उन्होंने जीवनदायिनी गंगा को दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम किया। इसके बाद उन्होंने चारों तरफ मौजूद भाजपा समर्थकों का हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
रविदास गेट के समीप गले में डाला बनारसी गमछा
प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र आते हैं तो बनारसी रंग में रंग जाते हैं। लंका से प्रधानमंत्री का रोड शो जब आगे बढ़ा तब वह रविदास गेट के समीप पहुंचे तो उन्होंने अपने गले में बनारसी गमछा डाल लिया। यह देखते ही रविदास गेट के समीप मौजूद उत्साही भीड़ हर-हर महादेव... और घर-घर मोदी... का उद्घोष करने लगी।
मुस्लिम बहुल इलाकों में दिखा उत्साह
प्रधानमंत्री के रोड शो का काफिला शिवाला और मदनपुरा जैसे मुस्लिम बहुल इलाकों से गुजरा तो लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सड़क के दोनों तरफ और घर की बालकनी, खिड़कियों और छतों से लोग हाथ हिलाकर प्रधानमंत्री का अभिवादन कर रहे थे। प्रधानमंत्री भी सभी का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।