पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर 9.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एसीजेएम चतुर्थ न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुरा रघुनाथपुर निवासी कृष्ण मोहन मिश्र ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी मुलाकात सुहई निवासी आशुतोष कुमार दूबे व पिता अरुण कुमार दूबे से पिंडरा तहसील में हुई थी। दोनों ने पिंडराई निवासी आकाश भारती की नागापुर में जमीन का सौदा कराने की बात कही। जमीन का सौदा 10 लाख में हुआ और पीड़ित ने 9.50 लाख रुपये चेक से दे दिए। दो मार्च 2024 को इकरारनामा भी कराया गया था। बाद में न तो बैनामा कराया गया और न ही रुपये लौटाए गए। शिकायत पर कार्रवाई न होने पर कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी में प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद