पौधरोपण अभियान के जरिये इस बार नदियों और एक्सप्रेसवे के किनारे हरियाली बिखेरने की तैयारी है। प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने व्यापक पौधरोपण कराने का निर्देश दिया है। मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि जिलाधिकारी पौधरोपण की सभी तैयारियां समय पर पूरा करा लें। मुख्य सचिव ने कहा कि पौधरोपण के लिए स्थल चयन, गड्ढा खोदाई के कार्यों को पूरा कर लिया जाए। पौधा आपूर्ति के लिए मांगपत्र डीएफओ को हर हाल में 15 जून तक उपलब्ध करा दें। पौधशालाओं से प्राप्त पौधों को सुरक्षित रखने के लिए छायादार स्थल की व्यवस्था कर ली जाए। स्थलों की जियो टैगिंग और फोटोग्राफी की व्यवस्था भी की जाए। पौधरोपण कार्यक्रम में जनपद स्तर पर जिलाधिकारी कार्यालय और डीएफओ कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाए जाए। ब्यूरो