वाराणसी। जिला अस्पताल के 50 बेड वाले एमसीएच विंग में सोमवार को गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य चेकअप के दौरान काफी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं ने घंटों लाइन में लगकर महिला चिकित्सकों से अपना रूटीन चेक अप कराया। सोमवार को दो दिनों के अवकाश के बाद ओपीडी खुली। जिला अस्पताल में एक दिन में 1730 मरीजों का इलाज हुआ। शिवपुर से आईं सुनीता कुमारी ने कहा कि पर्चा कटवाकर एक घंटे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन इतनी धीमी गति से काम हो रहा है कि अभी तक नंबर ही नहीं आया। सारनाथ से आईं मनीषा ने बताया कि यहां रूटीन चेकअप के लिए आए थे, लेकिन दाे घंटे लाइन में लगने के बाद भी नंबर नहीं आया। वहीं, सीएमएस डाॅ. बृजेश कुमार ने बताया कि ओपीडी में आने वाली महिलाओं को समय से देखने और जरूरी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद