रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की ओर से भेलूपुर स्थित एक होटल में विश्व में संघर्ष निवारण तथा शांति स्थापना में भारत की भूमिका विषयक परिचर्चा हुई। इसमें काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने कहा कि वैश्विक शांति के लिए भारत की भूमिका तभी प्रभावी होगी जब भारत स्वयं शक्ति संपन्न होगा। संघर्षों का समाधान केवल सैन्य शक्ति से नहीं, बल्कि बौद्धिक और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार से ही संभव है। जिस समाज की सोच सकारात्मक होती है, वही प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रोटरी अध्यक्ष राजेश भाटिया ने कहा कि रोटरी अपनी निस्वार्थ सेवा की भावना से वसुधैव कुटुंबकम के संकल्प को पूरी दुनिया में साकार कर रहा है। इस अवसर पर विश्व शांति और मानवीय सेवा के लिए रोटरी फाउंडेशन में विशेष योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मुकुंद लाल अग्रवाल, श्याम सुंदर प्रसाद, सर्वेश अग्रवाल, शशि कुमार शाह शामिल रहे। संचालन तुलसी गजानन जोशी ने और सतीश बजाज ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संगोष्ठी में राम मोहन अग्रवाल, राजेंद्र मोहन शाह, अनिल बजाज, चुन्नीलाल पटेल, उमाशंकर अग्रवाल आदि माैजूद रहे।