बिना अनुमति हो रही फिल्म की शूटिंग को पुलिस ने रुकवाया
- रामनगर दुर्ग के कर्मचारियों ने की थी शिकायत, माफीनामा देने पर छोड़ा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। स्थानीय कस्बा स्थित लंका मैदान के समीप रामलीला की जमीन पर बगैर अनुमति के बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग करना प्रोड्यूसर सहित यूनिट कर्मियों को महंगा पड़ गया। रामनगर दुर्ग के कर्मचारियों की शिकायत पर मौके पहुंची रामनगर पुलिस ने शूटिंग बंद कराने के साथ ही यूनिट के कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई से फिल्म की शूटिंग कराने वाले स्थानीय कलाकारों में हड़कंप मच गया। सभी को छुड़ाने के लिए थाने पर कई सफेदपोश भी पहुंच गए। घंटों पंचायत के बाद पुलिस ने लिखित माफीनामा देने के बाद सभी को छोड़ दिया। इस हाई प्रोफाइल ड्रामा को लेकर कस्बे में तरह-तरह की चर्चा होती रही।
शनिवार की सुबह डायरेक्टर और प्रोड्यूसर की देखरेख में फिल्म की शूटिंग के लिए यूनिट के कर्मचारी दो वाहनों से रामनगर क्षेत्र स्थित लंका मैदान में पहुंचे। अशोक वाटिका में बने मंदिर पर फिल्म को फिल्माया जाना था। शूटिंग की तैयारी चल ही रही थी कि रामनगर दुर्ग प्रशासन को इसकी सूचना मिल गई। लंका मैदान में फिल्म की शूटिंग के लिए दुर्ग प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी और ना ही जिला प्रशासन से इसके लिए स्वीकृति ली गई थी। शुक्रवार को फिल्म यूनिट से जुड़े कुछ कर्मचारी रामनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक से शूटिंग करने के लिए अनुमति मांग रहे थे। लेकिन, जिला प्रशासन से अनुमति नहीं होने से पुलिस ने उन्हें मना कर दिया था। इसके बावजूद शनिवार को यूनिट के कर्मचारी मौके पर जाकर शूटिंग की तैयारी करने लगे। इस संबंध में रामनगर थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि बिना अनुमति फिल्म की शूटिंग की जा रही थी। शिकायत मिलने पर लिखित माफीनामा लेकर सभी को छोड़ दिया गया।