वाराणसी। ज्ञानवापी सुरक्षा में तैनात सिपाही धर्मेंद्र कुमार शाह (26) ने रविवार को जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। मंडलीय अस्पताल में भर्ती धर्मेंद्र की हालत डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताई है। लक्सा थाने की पुलिस के अनुसार, महिला सिपाही से प्रेमप्रसंग के चक्कर में सिपाही ने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की है। 2018 में पुलिस विभाग में बतौर सिपाही भर्ती हुआ धर्मेंद्र मूल रूप से बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र के महराजगंज सोनबरसा का रहने वाला है। औरंगाबाद पुलिस चौकी की बैरक में रहने वाला धर्मेंद्र लक्सा थाने में तैनात है और ज्ञानवापी सुरक्षा में बीती जनवरी से ड्यूटी कर रहा है। पुलिस के अनुसार, वह रविवार की सुबह आदमपुर थाने में तैनात महिला सिपाही से मिलने गया था। महिला सिपाही मिलने से मना कर दी या फिर कुछ ऐसा बोल दी जिससे धर्मेंद्र क्षुब्ध हो गया। इसके बाद औरंगाबाद क्षेत्र से जहरीला पदार्थ खरीदा और श्रीनगर कॉलोनी स्थित पार्क में खा लिया। धर्मेंद्र की हालत बिगड़ने की जानकारी पुलिस कर्मियों को हुई तो उसे अस्पताल ले जाया गया। लक्सा थाने के इंस्पेक्टर भूपेश कुमार राय ने बताया कि तत्काल उपचार शुरू हो जाने के कारण धर्मेंद्र की हालत खतरे से बाहर है। उधर, पुलिस कर्मियों ने बताया कि धर्मेंद्र अपने व्हाट्स एप्प स्टेटस पर अलविदा दोस्तों लिखा था।