वाराणसी पुलिस आयुक्त ए. सतीश गणेश
- फोटो : अमर उजाला
सावन के मद्देनजर वाराणसी पुलिस आयुक्त ए. सतीश गणेश ने सोमवार को वीआईपी कल्चर को छोड़ पैदल ही बाबा विश्वनाथ मंदिर गए। सपरिवार पुलिस आयुक्त गोदौलिया से पैदल विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान गाड़ी गोदौलिया पर ही खड़ी कर दी। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के सभी अफसरों से अपील किया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को गोदौलिया से मैदागिन के बीच कोई चार पहिया वाहन का इस्तेमाल ना करें और ना किसी को करने दें।
सावन के सोमवार जैसे भीड़भाड़ वाले दिन भी कई वीआईपी और वीवीआईपी बांसफाटक तक अपनी चार पहिया से पहुंच जाते थे। इसके अलावा पुलिसकर्मियों का वाहन भी आता-जाता रहता था। जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती थी। अब गोदौलिया में ही वाहन खड़ी कर पैदल ही मंदिर जाकर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को आईना दिखाया है।
इससे पहले रविवार को पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने मैदागिन से लेकर गोदौलिया तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा था। उन्होंने यातायात लाइन में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के संबंध में कमिश्नरेट पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ भी किया था। पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि हिंदी के अलावा दक्षिण भारतीय भाषा का एनाउसमेंट में प्रयोग हो, किसी भी श्रद्धालु के साथ दुर्व्यवहार न हो। अच्छा व्यवहार करते हुए श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान करें।