यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और सड़क सुरक्षा अभियान को भी परखा
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को रोहनिया और मंडुवाडीह क्षेत्र की दुकानों पर चीन के मांझे की जांच की। थानाध्यक्षों को बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। अभियान के दौरान 6 आरोपियों की गिरफ्तारी और 202 किलोग्राम चीन का मांझा बरामद किया गया। लक्सा, चेतगंज, जैतपुरा, रोहनिया और मंडुवाडीह से चीन के मांझे की बरामदगी और गिरफ्तारियां हुईं। यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, सड़क सुरक्षा और चीन के मांझे के खिलाफ कार्रवाई का हाल जानने दोपहर बाद निकले पुलिस आयुक्त ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने जेपी मेहता, फुलवरिया, मंडुवाडीह, ककरमत्ता, भिखारीपुर तिराहा, अखरी बाईपास, मोहनसराय, चांदपुर और बौलिया तिराहा सहित प्रमुख मार्गों पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को जाना। हाईवे व सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग रोकने, कोहरे में ओवर स्पीडिंग पर नियंत्रण, रिफ्लेक्टर के व्यापक प्रयोग व दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदारी तय करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। कहा कि हाईवे किनारे खड़े वाहनों से दुर्घटना होती है तो संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।