जल्द ही चांदपुर औद्योगिक आस्थान में भी पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सप्लाई शुरू होगी। फिलहाल उपकरण स्थापित करने के लिए गेल को अनुमति मिलने का इंतजार है। यह जानकारी गेल की ओर से बुधवार को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में उद्यमियों को दी गई।चांदपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने कहा कि चांदपुर औद्योगिक आस्थान में संचालित उद्योगों को पीएनजी गैस का लंबे समय से इंतजार है। उन्होंने गेल से सप्लाई जल्द शुरू करने की मांग की। इसपर गेल के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने बताया कि चांदपुर इलाके में सप्लाई शुरू करने के लिए डिस्ट्रिक्ट इंडस्ट्रीज सेंटर के साथ वार्ता हुई थी। उपकरणों को स्थापित करने की अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने पर काम शुरू किया जाएगा। चांदपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के महासचिव पीयूष अग्रवाल ने पीएनजी की कीमतों के बढ़ोत्तरी पर आपत्ति जताई। इस पर गेल के मार्केटिंग मैनेजर प्रवीण ने कहा कि एक मई को औद्योगिक और व्यवसायिक पीएनजी की कीमतों को कम किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान 24 हजार घरों में पीएनजी पर खाना पक रहा है। 62 हजार घरों में आधारभूत ढांचा तैयार किया जा चुका है। 57 व्यवसायिक और 10 औद्योगिक क्षेत्र में पीएनजी का इस्तेमाल हो रहा है। गेल कॉरपोरेट के विपणन महाप्रबंधक निखिल कुमार ने आश्वासन दिया कि ग्राहकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर काम किया जा रहा है।