70वीं जनपदीय विद्यालयीय जूडो टीम का चयन ट्रायल बृहस्पतिवार को लोढ़ान स्थित बाबू आरएन सिंह इंडोर हॉल में हुई। चयन परीक्षण में अधिकतर भार वर्गों के खिलाड़ी नहीं पहुंचे। विकास इंटर कॉलेज और अग्रसेन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ही जूडो के चयन ट्रायल में हिस्सा लिया। बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिता के लिए 80 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया। प्रदर्शन के आधार पर बालिका में 11 और बालक वर्ग 8 खिलाड़ियों का चयन मंडलीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। जिले के चयनित खिलाड़ी मंडलीय और प्रादेशिक प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह ट्रायल बालिका वर्ग में सब जूनियर अंडर-14, जूनियर अंडर-17 और अंडर-19 सीनियर वर्ग में आयोजित हुई। अंडर-14 में शिवन्या चौहान, दिव्या चौहान, प्रगति सोनकर और एकता राय का चयन जिले की टीम में हुआ। जूनियर वर्ग के अंडर-17 वर्ग में प्राची सिंह, सौम्या और साक्षी ने जगह बनाई। अंडर-19 सीनियर वर्ग में खुशी सोनकर का चयन हुआ। बालक वर्ग में अंकुश, आयुष गुप्ता, योगेश यादव, अंश यादव, आदर्श और पार्थ पांडेय का चयन हुआ। ये सभी खिलाड़ी अपने-अपने भार वर्ग में जिले का प्रतिनिधित्व मंडलीय प्रतियोगिता में करेंगे। प्रादेशिक प्रतियोगिता 21 से 23 सितंबर तक सहारनपुर में खेली जाएगी। संवाद