कमिश्नर कौशल राज शर्मा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को पौधरोपण की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। वाराणसी मंडल को 1.76 करोड़ का लक्ष्य मिला है। कमिश्नर ने कहा कि सभी 26 विभाग मिलकर 20 जुलाई को सुबह छह बजे से पौधरोपण शुरु करेंगे और दोपहर तीन बजे तक इसे पूरा कर लेंगे।
कमिश्नर ने कहा कि 19 जुलाई तक पौध उठान का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाए। इसके साथ ही हर एक घंटे में पौधरोपण की सूचना डीएफओ कार्यालय में स्थापित कमांड सेंटर में देते रहें। जीओ टैगिंग की सूचना हरितिमा एप पर अपलोड करते रहें। संबंधित एसडीएम और बीडीओ को निर्देश किया कि वह स्थलीय निरीक्षण जरूर करें। डीएम ने पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए कि डिवाइडर की मिट्टी निकालकर अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी डालकर उसमें पौधरोपण किया जाए।
पंचायतीराज विभाग 15 ग्राम पंचायतों में करेगा पौधरोपण
पंचायतीराज विभाग की ओर से जिले के 15 ग्राम पंचायतों में पौधरोपण कराया जाएगा। 20 जुलाई से शुरू होने वाले पौधरोपण अभियान के तहत चिरईगांव ब्लाॅक के पंचायत अनुभाग की ओर तैयारी कर ली गई है। ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक भूमि पर पौधे लगाए जाएंगे। पंचायतीराज विभाग क्षेत्र के बभनपुरा, जयरामपुर, सुल्तानपुर, सीवो, पियरी, रमगढवा, मिल्कोपुर, तोफापुर, बराईं, सहित कुल 15 ग्राम पंचायतों में 8510 पौधे लगाएगा।