22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के दौरान आने वाले अतिथियों के विमान बाबतपुर एयरपोर्ट समेत आसपास चार शहरों के एयरपोर्ट पर खड़े होंगे। इसमें लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, कुशीनगर के एयरपोर्ट भी शामिल हैं। सभी एयरपोर्ट को इसके लिए विशेष तैयारी के लिए निर्देशित किया गया है।
बाबतपुर एयरपोर्ट की क्षमता 11 विमान एक साथ खड़े करने की है, हालांकि 13 से 14 विमान भी खड़े हो सकते हैं। आजमगढ़ एयरपोर्ट पर भी विमान खड़ा करने की बात थी, लेकिन रनवे छोटा होने के कारण यहां विमान उतारने में थोड़ी दिक्कत होगी। हालांकि यहां हेलिकाॅप्टर आसानी से खड़े हो सकेंगे। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि श्रीराम के दर्शन को आने वालों में 100 से 125 के बीच में विमान भी होंगे। अयोध्या एयरपोर्ट पर इतने विमान खड़ा करने की क्षमता नहीं है। चार्टर समेत अन्य कंपनियों के विमानों को खड़ा कराने के लिए डीजीसीए की ओर से सभी एयरपोर्ट को निर्देशित किया गया है कि अपनी-अपनी तैयारी पूरी रखें। एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया कि बाबतपुर एयरपोर्ट की पार्किंग में विमानों को खड़ा कराया जाएगा। इसकी तैयारी चल रही है।