बरेका का निरीक्षण करने पहुंची पीआई बी की टीम
केंद्र सरकार के डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन कार्यक्रम के तहत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की 10 सदस्यीय विशेष मीडिया टीम ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का निरीक्षण कर यहां रेल इंजन को बनते देखा। सहायक निदेशक पीआईबी बंगलूरू करिश्मा पंत के नेतृत्व वाली टीम ने अधिकारियों से लोकोमोटिव यानी रेल इंजन बनाने से जुड़ी जानकारियां हासिल कीं। बरेका पहुंचने पर जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने टीम का स्वागत किया। मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको अरविंद कुमार जैन के साथ ही टीम के सदस्यों ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप एवं लोको टेस्ट शॉप का दौरा किया। इस दौरान यात्री वाहक इलेक्ट्रिक लोको, माल वाहक इलेक्ट्रिक लोको और अमृत भारत लोको को देखा। उन्होंने कहा कि अब तक 11 देशों को 182 डीजल लोकोमोटिव यानी रेल इंजन का निर्यात किया जा चुका है। इस दौरान उप मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको सुदीप रावत ने तकनीकी प्रक्रिया बताई। बरेका प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में महाप्रबंधक आशुतोष पंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में बरेका के इतिहास, उत्पादन क्षमता, आधुनिकीकरण प्रयासों, निर्यात उपलब्धियों पर चर्चा की गई।