वाराणसी। बाजार खुलते ही पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़ने लगे हैं। चार दिनों के अंदर ही पेट्रोल 1 रुपये 64 पैसा और डीजल 1 रुपये 71 पैसा महंगा हुआ है। जिसे लेकर व्यापारियों ने नाराजगी जाहिर की है। व्यापारियों के अनुसार संकट की इस घड़ी में ईंधन का दाम बढ़ने से आम जनता पर इसका प्रभाव पड़ेगा। माल ढुलाई बढ़ेगी तो सामानों का भाव भी तेजी से बढ़ेगा। वाराणसी पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन की प्रवक्ता मनीषा जैन के अनुसार शनिवार को पेट्रोल का दाम 47 पैसा, डीजल 46 पैसा बढ़ा। रविवार को 45 पैसा पेट्रोल और 92 पैसा डीजल, सोमवार को 42 पैसा पेट्रोल व 44 पैसा डीजल बढ़ा और मंगलवार को 30 पैसा पेट्रोल का दाम बढ़कर 76.13 व 35 पैसा डीजल का दाम बढ़कर 66.14 रुपये हो गया। बुधवार को पेट्रोल का दाम 76.59 और डीजल 66.60 रुपये हुए। उधर, काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष राकेश जैन ने बढ़ती कीमतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे व्यापारियों और आम जनता पर काफी बोझ पड़ेगा। वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजित सिंह बग्गा और महामंत्री प्रमोद अग्रहरि ने पेट्रोल डीजल की बढ़ती दरों पर चिंता व्यक्त की।