बीएचयू परिसर में वर्ष 2014 में उपद्रव, हत्या के प्रयास और शांतिभंग सहित अन्य आरोपों में नौ छात्रों के खिलाफ लंका थाने में दर्ज किए गए मुकदमे को वापस लेने की अनुमति अदालत ने दे दी है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पवन कुमार सिंह की अदालत ने अपने आदेश में कहा कि अभियोजन के प्रार्थनापत्र को स्वीकार किए जाने के लिए पर्याप्त आधार हैं। इसलिए अभियोजन का प्रार्थना पत्र स्वीकृत किया जाता है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने शुक्रवार को बताया कि लंका थाने में दर्ज मुकदमे में शशि शशांक शेखर सिंह, मृत्युनाथ सिंह, शशांक सिंह, मृत्युंजय तिवारी, राकेश उपाध्याय, सौरभ, रिपुदमन, वैभव तिवारी और अमन सिंह अभियुक्त थे। प्रदेश सरकार द्वारा वाराणसी के जिला मजिस्ट्रेट को 10 मई 2023 को पत्र भेज कर आरोपी छात्रों के विरुद्ध जनहित में वाद वापसी का निर्णय लिया गया था। इस क्रम में अभियोजन की तरफ से मुकदमा वापसी के लिए दिए गए प्रार्थनापत्र को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने स्वीकार कर लिया।