शह और मात के खेले में जिले के खिलाड़ियों ने दो अंक से बढ़त दर्ज की। बृहस्पतिवार को केराकतपुर स्थित वाराणसी पब्लिक स्कूल में जिला शतरंज संघ के सहयोग से राज्यस्तरीय अंडर 19 शतरंज प्रतियोगिता शुरू हुई। उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने बतौर मुख्य अतिथि किया। 20 मई तक तीन दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन महिला और पुरुष वर्ग के शीर्ष खिलाड़ियों के बीच दो राउंड मुकाबला हुआ।
पुरुष वर्ग में वाराणसी के माज इकबाल, केशव सिंघल, प्रखर त्रिपाठी सहित 12 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कार दो-दो अंक से बढ़त बनाई। महिला वर्ग में बनारस की बेटियां वैष्णवी प्रकाश, ऐशानी पाठक सहित छह खिलाड़ियों ने दो अंकों साथ बढ़त दर्ज की।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शतरंज बच्चों की तार्किक, बौद्धिक व चिंतन क्षमता को बढ़ाता है। खेल बच्चों के विकास में सहायक होते हैं। इस मौके पर यूपी शतरंज संघ के सचिव एके रायजादा विशिष्ट अतिथि, विद्यालय के उपाध्यक्ष नीलकांत गुप्ता, प्रधानाचार्या संगीता पॉल, यूपी ओलंपिक संघ के कार्यकारी सदस्य अमित पांडेय मौजूद रहे।