दुलहीपुर। कोरोना संक्रमण काल में आक्सीजन की मांग काफी बढ़ गई है। आक्सीजन के लिए परेशान जरूरतमंद किसी भी दर पर माथा टेकने को तैयार है। नगर के चंदासी स्थित इंडियन एयर गैसेज के बाहर दिन- रात तीन जिलों के लोगों की भीड़ लग रही है। इसमें प्राइवेट लोगों के साथ अस्पतालों के कर्मचारी भी शामिल है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की भी तैनाती कर दी गई है। जरूरतमंदों को टोकन देकर आक्सीजन सिलिंडर दिया जा रहा है। इस वक्त फैक्ट्री से चंदौली, वाराणसी और गाजीपुर जिले में सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है। नगर के चंदासी स्थित इंडियन एयर गैसेस के बाहर सरकारी, गैरसरकारी अस्पतालों समेत एंबुलेंस में आक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। यहां तक घरों में भर्ती कोरोना मरीजों के तीमारदार भी खाली सिलिंडर लेकर फैक्ट्री के बाहर पहुंच रहे है। बुधवार को फैक्ट्री के बाहर आक्सीजन सिलिंडर रिफिल कराने के लिए काफी लंबी लाइन लगी रही। भीड़ को नियंत्रित करने पहुंचे चंदासी पुलिस चौकी प्रभारी ने टोकन सिस्टम से लोगों के सिलिंडर को रिफिल करने के लिए कहा। फैक्ट्री के सेल्स मैनेजर राकेश पांडेय ने बताया कि जो कोई भी खाली सिलिंडर लेकर आ रहा है उसे ऑक्सीजन रिफिल करके दिया जा रहा है।