पीडीडीयू नगर। कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए रेलवे सख्त हो गया है। मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद सहित अन्य स्थानों से बड़े पैमाने पर प्रवासी श्रमिक वापस आने लगे हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले श्रमिक कोरोना को न फैलाएं। इसके लिए स्टेशन पर बाहर से आने वाले यात्रियों की जांच जरूरी कर दी गई है। शुक्रवार को स्टेशन अधीक्षक, आरपीएफ और जीआरपी प्रभारी ने स्टेशन पर कोविड 19 प्रोटोकाल पालन कराने की योजना बनाई। कोरोना के मामले लगातार बढ रहे हैं। मुंबई में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। ऐसे में बड़े पैमाने पर वहां गए इलाके के प्रवासी श्रमिक ट्रेनों से वापस लौट रहे हैं। दूसरी तरफ स्टेशन पर बिना मास्क के लोग प्रवेश कर रहे हैं और सोशल डिस्टेसिंग का पालन भी नहीं हो पा रहा है। रेलवे स्टेशन पर बाहर से आने वाले यात्रियों की जांच हो रही है लेकिन जांच के बचने के लिए यात्री दूसरे रास्तों से निकल जा रहे हैं। इसको देखते हुए वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्र ने सख्ती बरतने का निर्देश दिया है। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक आरके सिंह, जीआरपी निरीक्षक आरके सिंह और आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बैठकर भीड़ को रोकने की योजना तैयार की। इस दौरान बताया गया कि अब स्टेशन पर बिना मास्क प्रवेश करने वाले से जुर्माना वसूला जाएगा। यही नहीं पार्सल गेट और लोको की तरफ से आने वाले रास्ते को बंद किया जाएगा। इसी तरह एस्केलेटर से उतर कर बाहर निकलने के रास्ते को भी आम लोगों के लिए बंद किया जाएगा। इस स्थानों पर सूचना बोर्ड भी लगाया जाएगा। स्टेशन पर सफाईकर्मी, वेंडर को भी बिना मास्क मिलने पर जुर्माना किया जाएगा। बैठक के बाद तीनों अधिकारियों ने स्टेशन पर भ्रमण कर वस्तु स्थिति को देखा और बिना मास्क लगाए आने वालों को चेताया।