वाराणसी। काशीवासियों को शनिवार की देर रात भीषण जाम की समस्या से जूझना पड़ा। यह हालत तब थी जब शहर में चप्पे-चप्पे पर सिविल और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई थी । रात 10:30 बजे के बाद सड़कों पर यातायात का दबाव कम हुआ तो धीरे-धीरे जाम की समस्या से निजात मिली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला रात आठ बजे के बाद गिलट बाजार तिराहा से शहर के अंदर प्रवेश किया। प्रधानमंत्री जिस मार्ग से गुजर रहे थे, उस पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आधा घंटे पहले ही आमजन की आवाजाही रोक दी जा रही थी। प्रधानमंत्री का काफिला आगे बढ़ने के थोड़ी देर बाद चौराहा-तिराहा से संबंधित सभी मार्गाें पर एकसाथ आवागमन शुरू करा कर पुलिस कर्मी एक किनारे हो जा रहे थे। इसके चलते पुलिस लाइन चौराहा, चौकाघाट, तेलियाबाग, विश्वनाथ मंदिर से गोदौलिया व चौक मार्ग, महमूरगंज से मंडुवाडीह चौराहा होते हुए चांदपुर व मुड़ैला मार्ग, भिखारीपुर तिराहा से सुंदरपुर, चितईपुर व ककरमत्ता मार्ग सहित अन्य इलाकों में रात 10:15 बजे के बाद भी वाहन रेंगते नजर आए।