वाराणसी। बनारस स्टेशन के उत्तरी छोर पर शुक्रवार शाम स्पेशल ट्रेन 04072 से गिरकर एक यात्री घायल हो गया। आननफानन आरपीएफ स्टाफ ने उसे मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बनारस स्टेशन के पास ट्रैक पर लगे किलोमीटर संख्या 208/31-32 के बीच यात्री ट्रेन से नीचे गिर गया था। हेड कांस्टेबल सत्येंद्र नाथ तिवारी ने शाम चार बजे स्टेशन मास्टर को सूचना दी। आरपीएफ जवानों ने मंडलीय अस्पताल भिजवाया। शाम 5 बजे उसकी मौत हो गई। आधार कार्ड से मृतक की पहचान सादिक अब्दुल्ला, निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई। आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि सूचना मिलने के बाद जवानों को मौके पर भेजा गया। जो व्यक्ति ट्रेन से गिरा था, उसकी मौत की सूचना संबंधित अधिकारियों को भी दी गई है।