वाराणसी। शिक्षा, महिला, बाल युवा और खेल संबंधी संसदीय समिति के 25 लोगों का दल आज बीएचयू का दौरा करेगा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस से राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में पूरी टीम बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल, तैयार हो रहे जिरियाट्रिक सेंटर, भारत कला भवन, सेंट्रल लाइब्रेरी और सेंट्रल डिस्कवरी सेंटर सीडीसी में जाएगा। मशीनों और अस्पताल में इलाज व्यवस्थाओं को भी जांचा जाएगा। प्रभारी कुलपति से विश्वविद्यालय की एकेडमिक प्रक्रिया और वर्तमान समस्याओं पर बातचीत करेंगे। संसदीय समिति का यह एक अध्ययन दौरा होगा, जिसके तहत बीएचयू की एकेडमिक और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। यहां की शिक्षा, महिला सुरक्षा, युवा हित और खेल के साथ ही स्वास्थ्य के मसलों पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसे संसद में रखा जाएगा। मंगलवार को संसद की शिक्षा, महिला, बाल युवा और खेल संबंधी समिति के सदस्य गहनता से बीएचयू कैंपस में निरीक्षण कर अधिकारियों और प्रोफेसर से बातचीत करेंगे। यहां पर बांसुरी स्वराज और संबित पात्रा मौजूद रहेंगे।