विद्यार्थियों को दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का बुधवार को समापन हो गया। शिवपुर तरना स्थित निजी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
अभिभावकों से परिवहन अधिकारियों ने अपील की है कि 18 वर्ष के कम उम्र के बच्चों को वाहन न दें। ड्राइविंग लाइसेंस के मानक को पूरा करें। मानक के अनुरूप स्कूल वाहनों का संचालन समेत बिंदुओं पर ध्यान और पर्यवेक्षण करते हुए सड़क सुरक्षा के नियमों पर पूरा ध्यान दें।
बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन, बिना सीटबेल्ट के चार पहिया वाहनों का संचालन नहीं करने, ओवरस्पीडिंग, रांग साइड, लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करने को लेकर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को भी जागरूक किया। सड़क सुरक्षा में अव्वल कार्य करने वाले एनजीओ से जुड़े डॉ. राजेश श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) शिखर ओझा, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) मनोज कुमार वर्मा, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अंजनी कुमार राय, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्याम लाल, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुधांशु रंजन मौजूद रहे।