वाराणसी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ओदरहां गांव में हुए पुनर्मतदान की मतगणना मंगलवार की सुबह 8 बजे से शुरू होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि 12 बजे तक प्रधान पद के लिए परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। सेवापुरी ब्लाक के मतगणना स्थल पर मतगणना कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा मतगणना स्थल पर उन्हीं एजेंट को प्रवेश दिया जाएगा, जो कोरोना जांच में पूरी तरह फिट होंगे। मतगणना पर्यवेक्षक और चार मतगणना सहायक यानी पांच कर्मचारियों की पार्टी तैनात की गई है। इसके अलावा 20 फीसदी कर्मचारी आरक्षित रखे गए हैं। ब्लॉकों की तरफ से एक चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी अलग से तैनात किया गया है। मतगणना के समय प्रत्याशी या एजेंट में से कोई एक ही रह सकेगा। पंचायत के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि सुबह 8 बजे से गिनती शुरू हो जाएगी। 12 बजे तक परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।