0अधिमास में कैलाश मठ बिरदोपुर से 17 मई से पंचक्रोशी यात्रा निकलेगी। मठ के महामंडलेश्वर आशुतोषानंद गिरि महाराज ने बताया कि यात्रा का विधिवत शुभारंभ दोपहर दो बजे होगा। इसकी शुरुआत श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन से होगी। मणिकर्णिका घाट स्थित चक्रपुष्करिणी पर यात्रा का संकल्प लेंगे। वहां से श्रद्धालु क्रूज से तुलसी घाट पहुंचेंगे जहां से पदयात्रा और वाहन यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा का प्रथम पड़ाव कर्दमेश्वर महादेव मंदिर होगा। 18 मई को सुबह पांच बजे स्नान, ध्यान एवं संकीर्तन के साथ यात्रा दूसरे पड़ाव भीमचंडी पहुंचेगी। अगले दिन यात्रा लंगोटी हनुमान मंदिर में दर्शन कर तीसरे पड़ाव रामेश्वरम, 19 को चौथे पड़ाव शिवपुर स्थित पांचो पंडवा पहुंचेगी। यहां विद्वानों एवं संतों का सम्मान होगा। इसके बाद यात्रा अंतिम पड़ाव पर यानी कपिलधारा पहुंचेगी। अंतिम दिन 20 मई को दर्शन-पूजन के बाद यात्रा मणिकर्णिका घाट पहुंचेंगी। चक्रपुष्करिणी दर्शन के बाद बाबा विश्वनाथ मंदिर और कैलाश मठ में कैलाशेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन करेंगे। यात्रा के समापन पर भंडारा होगा।