आर्य महिला पीजी कालेज में शुक्रवार को ‘तेजस्विनी महिला प्रकोष्ठ’ के तहत पोस्टर व नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय की छात्राआें ने चित्रों व नुक्कड़ नाटक के जरिए नारी मन की पीड़ा बताई।
महिला हिंसा एवं लैंगिक भेदभाव विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंगों के सहारे पोस्टर पर नर-नारी के सम अधिकार, बेटा नहीं किसी से कम- बेटे सा ही उसमें दम..., लड़का लड़की समाज के अभिन्न अंग है, दोनों के बिना ही समाज अपंग है... जैसे नारों से समाज को लैंगिक भेदभाव विषय पर संदेश दिया। पोस्टर के साथ छात्राओं ने अभिनय के जरिए लोगाें को बेटा और बेटी के बीच भेदभाव न करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य प्रो. रचना दूबे ने कहा कि इस भेदभाव को दूर करने का प्रयास हम सभी को अपने घर से करना होगा। पोस्टर प्रतियोगिता में पूर्णिमा सिंह को प्रथम, पलक गौर को द्वितीय व शिवांगी विश्वकर्मा को तृतीय स्थान मिला। निर्णायक की भूमिका डॉ. बिंदु लाहिरी व डॉ. पूनम जायसवाल रहीं। इस अवसर पर डॉ. विभा सिंह, डॉ. मीना सिंह, डॉ. मंजू मेहरोत्रा, डॉ. ऋचा मिश्रा आदि मौजूद रहे।