चिरईगांव। चौबेपुर संदहा रिंग रोड के पास बृहस्पतिवार की देर शाम ट्रक के इंजन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। चालक राजेंद्र ने वाहन को सड़क किनारे रोककर ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में ट्रक का अगला हिस्सा जलने लगा। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। आग से ट्रक के अगले हिस्से की बॉडी, टायर और धान जल गया। आग से रिंग रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने यातायात सामान्य कराया। चालक राजेंद्र ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के हरहुआ केंद्र से धान लोड कर डुबकियां चौबेपुर की ओर जा रहा था। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है। चालक सुरक्षित है और यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई है। संवाद