एक प्लांट नहीं कर रहा काम, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर से चल रहा काम
एमसीएच विंग में भी इसी प्लांट से होती है ऑक्सीजन की आपूर्ति
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में लगा ऑक्सीजन प्लांट खराब हो गया है। इस वजह से वार्डों में भर्ती मरीजों को जंबो सिलिंडर और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के माध्यम से किसी तरह ऑक्सीजन दिया जा रहा है। अस्पताल में लगे प्लांट से ही 50 बेड वाले एमसीएच विंग में गर्भवती महिलाओं के भर्ती होने के दौरान उनको ऑक्सीजन मिलता है।
अस्पताल में भर्ती मरीजों को जरूरत पड़ने पर उनके बेड पर तुरंत ऑक्सीजन मिल सके, इसके लिए यहां दो प्लांट लगवाए गए हैं। यह 600 एलपीएम और दूसरा 510 एलपीएम की क्षमता वाला है। पिछले करीब एक सप्ताह से यहां 510 एलपीएम वाला ऑक्सीजन प्लांट खराब हो गया है। ऐसे में जिन वार्डों में इससे ऑक्सीजन की आपूर्ति होती थी, वहां किसी तरह ऑक्सीजन कंसंट्रेटर से काम चलाया जा रहा है। हर वार्ड में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जरूर है, लेकिन जिस क्षमता से प्लांट चलने के दौरान ऑक्सीजन मिलती है, उतनी क्षमता से वैकल्पिक व्यवस्था में नहीं हो पाता।
इस बारे में सीएमएस डॉ. दिग्विजय सिंह का कहना है कि ऑक्सीजन प्लांट में तकनीकी खराबी की वजह से पिछले सप्ताह से संचालन ठप है। संबंधित इंजीनियर को सूचना दी गई है। इसके जल्द ही बनने की उम्मीद है। अस्पताल में पर्याप्त ऑक्सीजन कंसंट्रेटर हैं। जंबो सिलिंडर लगाकर मरीजों को बेड तक ऑक्सीजन दी जा रही है।