शहर में अघोषित बिजली कटौती से बुधवार को कई काॅलोनियों में हाहाकार मचा रहा। गर्मी से परेशान लोगों को पानी के लिए भी तरसना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी ककरमत्ता दक्षिणी इलाके में रहने वालों को हुई। यहां सुबह 10 बजे से कटी बिजली शाम छह बजे आई। इसके अलावा इंग्लिशिया लाइन, दुर्गाकुंड, चांदपुर, लोहता, मंडुवाडीह, भगवानपुर, सोयेपुर में बिजली की आवाजाही जारी रही।ककरमत्ता इलाके में बुधवार को सुबह करीब दस बजे बिजली कट गई। कुछ देर इंतजार के बाद मंडुवाडीह डीपीएच उपकेंद्र पर फोन किया तो तारों के बदलने की सूचना मिली, लेकिन यह जानकारी नहीं मिल सकी कि आपूर्ति कब बहाल होगी। लोग आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करते रहे। इस दौरान सबसे अधिक परेशानी पानी की हुई। कई लोगों के इंवर्टर ने काम करना बंद कर दिया। शाम करीब छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। इस बारे में बिजली निगम के अधिकारियों का कहना था कि ककरमत्ता इलाके में तार बदलकर एबीसी लगवाया जा रहा है, इस वजह से आपूर्ति बाधित रही। उधर, इंग्लिशिया लाइन इलाके में सुबह 8 बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली कटी रही। दुर्गाकुंड, मंडुवाडीह डीपीएच से जुड़े वैष्णवपुरी कालोनी, भिटारी, चांदपुर आदि इलाकों में भी बिजली कटौती जारी रही। शहरी सीएचसी दुर्गाकुंड में भी दोपहर में बिजली के आने जाने की वजह से जांच, इलाज में परेशानी हुई।
सत्कार रेस्टोरेंट पर पकड़ी गई बिजली चोरी, मुकदमा दर्ज
बिजली चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान में डाफी टोल प्लाजा के पास सत्कार रेस्टोरेंट में 16 किलोवाट घरेलू और दस किलोवाट वाणिज्यिक बिजली चोरी पकड़ी गई। मौके पर बिजली काटने के साथ ही रेस्टोरेंट में कनेक्शन धारक पर बिजली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।