टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों में हरहुआ ब्लाॅक के 75 ग्राम पंचायतों में से कुल 64 पंचायतों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया जाएगा। मानकों को पूरा करने वाली पांच ग्राम पंचायतों को गोल्ड, 44 को सिल्वर और 14 ग्राम पंचायतों को कांस्य पदक से नवाजा जाएगा। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय के निर्देशन में राज्य एवं ब्लॉक स्तरीय संयुक्त टीम ने क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों का भौतिक सत्यापन किया। टीम ने पश्चिमपुर, चमाव और काजीसराय ग्राम पंचायतों में टीबी उन्मूलन की दिशा में किए गए कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। सत्यापन अभियान का नेतृत्व राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक रीता पाटिल और डॉ. अवनीत श्रीवास्तव ने किया। सत्यापन अभियान में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार, डॉ. नंद आसरे आदि शामिल रहे।