संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की परीक्षाएं छह अप्रैल से होने जा रही हैं। विश्वविद्यालय के छात्रों ने चैत्र नवरात्र के बीच में परीक्षा शुरू कराने का विरोध किया है। सोमवार को छात्रसंघ अध्यक्ष कृष्ण मोहन शुक्ला ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा की तिथि को आगे बढ़ाने की मांग की। छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि आचार्य प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं छह अप्रैल से प्रस्तावित हैं। परीक्षा की तिथि से संस्कृत के सभी छात्र आहत हैं। हम लोगों ने पहले ही 28 मार्च से पहले या 10 अप्रैल के बाद परीक्षा कराने की मांग की थी। ऐसा आज तक कभी नहीं हुआ कि वासंतिक नवरात्र के दौरान विश्वविद्यालय में परीक्षाएं आयोजित कराई गई हों। कृष्ण मोहन ने कुलपति से आग्रह किया कि वह विद्यार्थियों की मांग पर विचार करें और परीक्षा की तिथि को आगे बढ़ाया जाए।