कायस्थ जाति को ओबीसी में शामिल करने के विरोध में सपा नेता ऐश्वर्या श्रीवास्तव ने जिला मुख्यालय पर विरोध जताया। साथ ही राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय को सौंपा। सपा नेता के अनुसार कायस्थ जाति को ओबीसी में शामिल करने की आवश्यकता नहीं है। समाज को आरक्षण की सुविधाओं की जरूरत नहीं है। स्वामी विवेकानंद को आदर्श मानने वाला समाज अपनी बुद्धि और कलम की ताकत से हर क्षेत्र में सिद्ध करता आया है। चुनावी फायदे के तहत वर्तमान भाजपा सरकार समाज को ओबीसी में रखने की साजिश कर रही है। यदि मांगें नहीं सुनी गई तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उधर, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा इस मामले को लेकर जनमत कराने में जुट गया है। पिछले दिनों महासभा के पदाधिकारियों ने लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। इस दौरान कायस्थ बाहुल्य सीटों पर समाज के लोगों को टिकट देने पर विचार विमर्श किया गया था। महासभा के कार्यवाहक अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ को ओबीसी में शामिल करने के मामले में जनमत कराया जा रहा है। इसके आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।