वाराणसी। अधिक मास में प्रदोष तिथि सोने पर सुहागा। इस तिथि में किए गए दान पुण्य का फल अक्षुण्ण रहता है। मंगलवार को मछोदरी स्थित श्री स्वामी नारायण मंदिर में यजमान तेजस भाई ने 33 भूदेवों को राशन एवं दक्षिणा द्रव्य दान किया। अमेरिका से वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े तेजस भाई ने मंदिर में विराजमान भगवान श्रीस्वामी नारायण एवं श्रीलक्ष्मी नारायण के विग्रहों को नमन करते हुए मंदिर प्रांगण में पधारे समस्त भूदेवों का दर्शन किया। पूर्वाह्न 11 बजे मंत्रोच्चार गूंजे और मंत्रों ध्वनि के बीच यजमान की ओर से मंदिर के महंत स्वामी प्रेम स्वरूप दास, परेश भगत एवं पंकज भगत ने ब्राह्मणों को एक माह का राशन दान किया। साथ ही फलाहार कराया। इस अवसर पर मंदिर के महंत ने कहा कि अधिकमास अत्यधिक पुण्य फलदायी माना गया है। मंदिर में ब्राह्मणों को दान संग यह प्रार्थना की गई कि संपूर्ण धरा कोरोना सहित तमाम विघ्न एवं विपत्तियों से मुक्त हो और सर्वत्र सुख शांति हो।