महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक, स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर के 38 कोर्स के लिए अगले महीने के दूसरे सप्ताह से परीक्षा कराने की तैयारी है। इसके लिए वाराणसी और चंदौली जिले के कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थी 22 जनवरी से 28 जनवरी यानी 7 दिन तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विवि की ओर से मुख्य परिसर के प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों का परीक्षा फाॅर्म भरवाने के साथ कुछ कोर्स की परीक्षा भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में कॉलेजों के विद्यार्थी फार्म भरवाए जाने का इंतजार कर रहे थे। बुधवार को विवि की ओर से परीक्षा फाॅर्म भरने और जमा करने का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यवसायिक पाठयक्रम के प्रथम सेमेस्टर में पढ़ने वाले विद्यार्थी 22 से 28 जनवरी तक ऑनलाइन परीक्षा फार्म भर सकेंगे। 29-30 जनवरी को महाविद्यालय की ओर से समर्थ पोर्टल के माध्यम से परीक्षा फार्मों को अप्रूव किया जा सकेगा। 30-31 जनवरी को महाविद्यालय द्वारा आईडी, पासवर्ड के प्रयोग से परीक्षा शुल्क को जमा किया जा सकता है। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि 31 जनवरी से 2 फरवरी तक महाविद्यालय की ओर से अनुमोदित परीक्षा फाॅर्म की हार्डकॉपी को विवि में जमा किया जा सकेगा।