मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के टीबी अस्पताल परिसर के पीछे गंगा किनारे ज्यादा नशा करने पर दो युवक अचेत हो गये। आसपास के लोगों ने दोनों को देखा तो पुुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंची, जहां एक की मौत हो गई। घटनास्थल पर नशे का इंजेक्शन बरामद हुआ है। शहर कोतवाली क्षेत्र के तरकापुर नई बस्ती निवासी सद्दाम (28) और रिंकू (25) शुक्रवार की शाम को टीबी अस्पताल और मंदिर के पीछे गंगा नदी के किनारे नशे का सेवन कर रहे थे। इसी बीच दोनों अचेत हो गये। सूचना पाकर पहुंचे अस्पताल चौकी प्रभारी हरिशंक यादव दोनों को मंडलीय अस्पताल ले गए, जहां डाॅक्टर ने सद्दाम को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल बालमुकुंद ने बताया कि नशे की ओवरडोज के कारण युवक की मौत हुई है। घटनास्थल पर नशे का इंजेक्शन, सिरिंज और सूई मिली है।