सैयदराजा नगर पंचायत अंतर्गत 70 वर्षीय वृद्ध ने 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी के चिल्लाने पर वह भाग खड़ा हुआ। पीड़िता ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया कि मुंहबोले दादा ने पड़ोसी के खेत में सब्जी तोड़ने के बहाने उसे बुलाया। किशोरी जैसे ही पहुंची आरोपी ने भीतर से कुंडी बंद कर दी। किशोरी ने छेड़खानी का विरोध किया तो उसने जान से मार डालने की धमकी दी। किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी जमा हुए तो आरोपी भागने लगा। लोगों ने उसे पकड़कर उसकी पिटाई करके छोड़ दिया। पीड़िता और उसकी मां ने सैयदराजा विधायक से गुहार लगाई। विधायक की पहल पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और पीड़िता को थाने बुलाकर तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की पड़ताल के साथ आरोपी की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।