शक्तिनगर। सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में मुर्गा बनाने-खाने के विवाद में मोतीलाल पनिका (60) की लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना मोरवा थाना क्षेत्र में पडताली गांव में हुई। बेटी सीता कुमारी पनिका ने बृहस्पतिवार को मोरवा थाने में दी तहरीर में बताया कि वह नगर निगम में ड्यूटी करने गई थी। इसी दौरान दोपहर एक बजे पिता मोतीलाल पनिका और मनीराम पनिका के बीच मुर्गा बनाने-खाने की बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मनीराम पनिका ने लाठी से हमला कर मोतीलाल को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शाम सात बजे जब परिजन घर पहुंचे तो मोतीलाल घायल अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल निजी वाहन से एनसीएल अस्पताल सिंगरौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मोरवा थाने के निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया और पूछताछ की जा रही है। संवाद