राणी सती दादी धाम समिति रामकटोरा के नेतृत्व में 13 दिवसीय मंगल कलश ध्वजा प्रभात फेरी निकली। सोमवार सुबह दादी के जयकारों से काशी जीवनदायिनी गोशाला गूंज उठी। भक्तों ने दादी को हल्दी उत्सव में हल्दी लगाकर ध्वज और कलश अर्पित किया। इसके पूर्व गोशाला के मैदान से प्रभात फेरी निकली गई। सोमवार को रंग-बिरंगे फूलों से सजी झांकी, कलश और ध्वजा का पूजन अर्चन कर संस्था के अध्यक्ष रमेश कुमार चौधरी और मंत्री निधि देव अग्रवाल ने प्रभात फेरी का शुभारंभ किया। रवि बूबना, वीरेंद्र अग्रवाल, आनंद तुलस्यान, सुरेश तुलस्यान, शरद शाह भजन गाते चले तो महिलाएं कलश, बच्चे और युवा ध्वज लिए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह दादी की आरती की गई, भक्तों ने पुष्पवर्षा की। लोहटिया, कबीरचौरा, लहुराबीर होते प्रभात फेरी रामकटोरा स्थित दादी धाम मंदिर पहुंचीं। वहां कलश और ध्वजा-दादी के चरणों में अर्पित की गई तत्पश्चात वरुण शाखा की शैली तुलस्यान, पूजा बंसल के संयोजन में शशि बूबना, बीना अग्रवाल, अनिता तुलस्यान, शिखा अग्रवाल व समाज की अन्य महिलाओं ने नाचते गाते दादी को हल्दी लगाई व मंगल गीत गाए। संस्था के मंत्री निधि देव अग्रवाल के नेतृत्व में सामूहिक दादी चालीसा का पाठ हुआ। सहयोग में संस्था के अध्यक्ष रमेश कुमार चौधरी, महामंत्री निधि देव अग्रवाल मनोज बजाज, विश्वनाथ झुनझुनवाला, महेश अग्रवाल मौजूद रहे।